अनावरण आवाज न्यूज़ ब्यूरो
हजारीबाग / बड़कागांव:
जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई: उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में बड़कागांव के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा, अवैध कोयला खनन को ध्वस्त करने का कड़ा निर्देश
हजारीबाग जिले में प्रशासनिक कसावट लगा
तार देखने को मिल रही है। इसी क्रम में आज हजारीबाग उपायुक्त श्री हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम ने बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड के विभिन्न कोल परियोजना क्षेत्रों का औचक दौरा किया। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने विस्थापितों की समस्याओं से लेकर क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद और बुनियादी सुविधाओं का जायजा
दौरे के शुरुआत में अधिकारियों की टीम ने एनटीपीसी की आर एंड आर कॉलोनी, ढेंगा, बादम एवं गोंदलपुरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान डीसी और एसपी ने वहां रह रहे विस्थापित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कॉलोनी में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इसके साथ ही, विस्थापित परिवारों द्वारा आजीविका के रूप में किए जा रहे पशुपालन और कृषि कार्यों का भी बारीकी से अवलोकन किया गया, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ किया जा सके।
अवैध कोयला खनन पर कड़ा रुख, खदानों को शीघ्र ध्वस्त करने के निर्देश
निरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बड़कागांव प्रखंड के बादम एवं गोंदलपुरा क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला खनन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्र में अवैध उत्खनन को लेकर डीसी हेमंत सती ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी अवैध कोयला खदानों को शीघ्र ध्वस्त करने का स्पष्ट निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण दल में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस, प्रशिक्षु डीएफओ, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बड़कागांव प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल, जिलाधिकारी मनोज कुमार, बड़कागांव पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अमित आनंद, इंस्पेक्टर शहीद रजा, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के तमाम वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।









