जर्जर सड़कों के विरोध में सच्चिदानंद पांडेय ने बजाई थाली, जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
कहा—जनता त्रस्त, जनप्रतिनिधि मस्त; अब शहरवासियों को खुद उठानी होगी आवाज
हजारीबाग, 1 सितंबर। शहर की जर्जर एवं खराब सड़कों की समस्या को लेकर मंगलवार को फ्रीडम फाइटर के वंशज एवं युवा नेता सच्चिदानंद पांडेय ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी बाजार जाने वाली खराब सड़कों पर उतरकर उन्होंने थाली बजाकर लोगों को जागरूक किया और शहर की बदहाल सड़क व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि हजारीबाग शहर की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और कई लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की समस्याओं को लेकर सांसद, विधायक और नगर निगम प्रशासन गंभीर नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि आज हजारीबाग की पहचान धीरे-धीरे “गड्ढों के शहर” के रूप में होने लगी है। जनता को अब खुद जागरूक होकर अपनी समस्याओं के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले नेता जनता के बीच रहकर सड़क निर्माण, ट्रांसफॉर्मर लगाने, दवा एवं अन्य मदद जैसे कार्य करते थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए एक-दूसरे की सरकार पर दोषारोपण किया जा रहा है।

पांडेय ने कहा कि यदि सांसद यह कहते हैं कि नाली और सड़क बनाना सांसद का काम नहीं है, तो जनता यह जानना चाहती है कि जब वे विधायक थे और उनकी सरकार थी, तब शहर के विकास के लिए क्या किया गया। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर शहर की बदहाल सड़कें और अव्यवस्था जनता के सामने है।
उन्होंने लंबी दूरी की रेल सेवा, रिंग रोड, हवाई अड्डा, सड़क एवं शहर की अन्य समस्याओं का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इन मामलों में भी जनता को ठोस परिणाम की आवश्यकता है।
प्रदर्शन में लगाए नारे
विरोध प्रदर्शन के दौरान सच्चिदानंद पांडेय ने जनप्रतिनिधियों और जनता को लेकर कई नारे लगाए। उन्होंने कहा—
“पैसे पर बिक जाओगे तो, ऐसे ही गड्ढे वाला शहर पाओगे।”
“लहंगा-चुनरी में बिक जाओगे, जर्जर सड़क वाला शहर पाओगे।”
“आटा-चावल-तेल में बिक जाओगे तो, ऐसे ही गड्ढे वाला शहर पाओगे।”
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में किशुन पांडेय, शशि सिंह, प्रवेज आलम, नवीन प्रकाश, पप्पू खान, रामकुमार राम, दिलीप यादव, अरविंद कुमार, आनंद सिंह, अरविंद शर्मा, अरुण सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी बाजार की ओर आने-जाने वाले कई लोग भी रुककर विरोध में शामिल हुए।









