दीपावली के दौरान अंबा प्रसाद का आवास खाली कराने की कार्रवाई पर भड़का साहू समाज, राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन ने जताया कड़ा विरोध
एक महिला जनप्रतिनिधि को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार समय रहते करे कार्रवाई, अन्यथा पूरे झारखंड में होगा आंदोलन:- अरविंद कुमार(प्रदेश महामंत्री झारखंड)
हजारीबाग: पूर्व विधायक एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सुश्री अंबा प्रसाद की गैर मौजूदगी में उनके आवास को खाली कराने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संगठन ने इस कार्रवाई को अमर्यादित, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के प्रदेश महामंत्री अरविंद कुमार ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि अंबा प्रसाद की गैर-मौजूदगी में उनके आवास को खाली कराने की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित आवास के आसपास कई पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री ऐसे हैं, जो वर्तमान में किसी सरकारी या संवैधानिक पद पर नहीं हैं, इसके बावजूद वर्षों से आवासों पर काबिज हैं। फिर केवल अंबा प्रसाद को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर इस तरह की कार्रवाई क्यों की गई? यह समझ से परे है।
राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिलीप निलेश ने विरोध जताते हुए कहा कि अंबा प्रसाद केवल पूर्व विधायक ही नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव भी हैं। वर्तमान में झारखंड में कांग्रेस एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन की सरकार है। इसके बावजूद एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला महामंत्री हजारीबाग, श्री अशोक साहू ने कहा कि जिस समय पूरा देश भगवान श्रीराम की विजय के प्रतीक दीपावली जैसे पावन महापर्व को हर्षोल्लास के साथ मना रहा था, उसी समय प्रशासन द्वारा एक महिला जनप्रतिनिधि को उनके आवास से बेदखल करने की कार्रवाई की गई। लेकिन अंबा प्रसाद एक सनातनी होने के नाते हिम्मत नहीं हारी और इस आवास के सामने टेंट लगाकर के अपने परिवार एवं समर्थकों के साथ प्रभु श्री राम तथा लक्ष्मी माता गणेश भगवान की पूजा अर्चना की एवं दीप जलाकर के दिवाली मनाई. यह मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मर्यादाओं के भी विपरीत है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासन आवास खाली कराने की प्रक्रिया दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण महापर्व के बाद करता, तो आखिर ऐसी कौन-सी बड़ी परेशानी उत्पन्न हो जाती? दस दिन बाद यह प्रक्रिया पूरी करने से प्रशासन का कौन-सा काम रुक जाता?
प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती प्रियंका कुमारी (पूर्व जिला परिषद) आगे कहा कि अंबा प्रसाद अपनी मेहनत, संघर्ष और राजनीतिक समर्पण के बल पर जिस मुकाम तक पहुंची हैं, उसे कुछ लोगों द्वारा सहजता से स्वीकार नहीं किया जा रहा है। जिस प्रकार उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया जा रहा है, उन्होंने यह भी कहा की आखिर महिलाओं का अपमान कब तक होता रहेगा, उससे ओबीसी समाज के प्रति नकारात्मक मानसिकता होने की आशंका पैदा होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक प्रकोष्ठ मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि इस घटना से केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के वैश्य समाज में आक्रोश है। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन सहित साहू समाज और संपूर्ण वैश्य समाज इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करता है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए और प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कर उचित कदम उठाए जाएं। साथ ही भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की कार्रवाई करते समय मानवीय संवेदनाओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखा जाए।
- प्रदेश युवा अध्यक्ष विकास कुमार गुप्ता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार एवं प्रशासन ने समय रहते इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की, तो राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन एवं समाज के लोग पूरे झारखंड स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं प्रशासन की होगी। विरोध एवं कड़ी निंदा करने वालों में से प्रदेश अध्यक्ष दिलीप निलेश प्रदेश महामंत्री अरविंद कुमार प्रदेश मंत्री बैजनाथ साहू प्रदेश युवा अध्यक्ष विकास कुमार साहू प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक प्रकोष्ठ मनोज कुमार साहू प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा प्रियंका कुमारी जिला उपाध्यक्ष नंदलाल साहू अवध किशोर साहू पदधूम साहू, अधिवक्ता जानकी साहू, जिला अध्यक्ष कैलाश साहू, जिला सचिव दिनेश कुमार साहू, एवं समस्त तेली साहू तथ वैश्य समाज.








