नए कानूनी अधिकार से राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा और अधिक होगी सुदृढ़ : कमांडेंट
बड़कागांव। सरकार द्वारा आवंटित कोयला खनन परियोजनाओं में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं हजारीबाग एनटीपीसी के परियोजनाओं में भी नए कानूनी अधिकार से राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा के साथ और अधिक सुदृढ़ होगी।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (एमएमडीआर एक्ट ) के संशोधित प्रावधानों के तहत यह अधिकार प्राप्त हुई है। इस संबंध में एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग सीआईएसएफ इकाई के वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा एवं देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सीआईएसएफ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्राप्त नए कानूनी अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन से अवैध कोयला खनन, चोरी एवं तस्करी जैसी गतिविधियों पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। सीआईएसएफ कानून के दायरे में रहते हुए प्रत्येक अवैध गतिविधि के विरुद्ध निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कठोर कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।’’ उन्होंने आगे कहा कि नागरिकों का सहयोग राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति को अवैध कोयला खनन, कोयला चोरी, अवैध परिवहन, तस्करी अथवा अन्य किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है, तो वह इसकी सूचना तत्काल सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस अथवा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीआईएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग भविष्य में भी स्थानीय प्रशासन, पुलिस, खान विभाग, परियोजना प्रबंधन एवं आम नागरिकों के सहयोग से राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं निर्बाध कोयला उत्पादन एवं परिवहन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि नए प्रावधानों के तहत अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के लिए महत्वपूर्ण वैधानिक अधिकार प्राप्त हुए हैं। इन अधिकारों के लागू होने से देश के कोयला क्षेत्रों में राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इसी क्रम में सीआईएसएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग द्वारा एनटीपीसी की कोयला परियोजनाओं पकरी-बरवाडीह, चट्टी-बरियातू, केरेडारी एवं अन्य परियोजना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करते हुए अवैध कोयला खनन, चोरी एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है। सीआईएसएफ द्वारा परियोजना क्षेत्रों में चैबीसों घंटे सतत निगरानी, नियमित मोबाइल एवं पैदल गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, संयुक्त अभियान तथा स्थानीय प्रशासन एवं जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा रहा है। बल द्वारा आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, सूचना संग्रहण तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है।









