Edition

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में शिथिलता पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही बरतने वाले बीएलओ सुपरवाइजरों के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में शिथिलता पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही बरतने वाले बीएलओ सुपरवाइजरों के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश

हजारीबाग: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती ने आज समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिले के सभी बीएलओ सुपरवाइजर के साथ बैठक की। बैठक में मांडू विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) महेंद्र छोटन उरांव, हजारीबाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा एएसडीडी (ASDD) सूची की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उपायुक्त ने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाना है, जो निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने अनुपस्थित सभी संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर के तत्काल वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि अन्य सभी कार्यों को फिलहाल स्थगित रखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा 9 जुलाई तक शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण का महत्वपूर्ण कार्य संचालित है और मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्ण जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!