लोकहित अधिकार पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, हजारीबाग में सदस्यता अभियान तेज, पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन
हजारीबाग: आगामी पंचायत चुनाव और संगठन विस्तार को लेकर लोकहित अधिकार पार्टी ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश स्तरीय दौरा एवं प्रवास के दौरान हजारीबाग के पुराना बस स्टैंड स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नंदलाल शाह ने की।
बैठक में संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
बैठक के दौरान पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर दर्जनों युवाओं एवं महिलाओं ने लोकहित अधिकार पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों में संदीप रजक, दीपक सोनी, अभिषेक सोरेन, रंजीत यादव, इम्तियाज अंसारी, कैलाश महतो, अनूप साहू, एनुअल हक अंसारी, मोहम्मद नजमुल खान, रंजीत बेदिया, सेराज अहमद, सोनी अग्रवाल, नैंसी मुंडा, गुड़िया कुमारी, अनीता मुंडा, लक्ष्मी सोरेन और बबीता कुमारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक में प्रदेश महासचिव प्रमोद प्रसाद गुप्ता एवं राज किशोर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय, संगठन की मजबूती और जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन ही आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का आधार बनेगा
बैठक के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार अभियान को और तेज करने तथा पंचायत चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटने का संकल्प लिया। पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन और जनसरोकारों के मुद्दों के साथ वह आगामी पंचायत चुनाव में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।










