इलाज के दौरान मरीज और डॉक्टर पर गिरा सीलिंग पंखा, दोनों घायल
बड़कागांव। बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान अचानक सीलिंग पंखा मरीज और महिला डॉक्टर के ऊपर गिर गया। घटना में दोनों को चोटें आईं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सांढ़ गांव निवासी रंजीत कुमार की पत्नी सविता देवी इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। महिला डॉक्टर उनका इलाज कर रही थीं। इसी दौरान अचानक कमरे की छत पर लगा सीलिंग पंखा टूटकर मरीज और डॉक्टर के ऊपर गिर गया। पंखे की चपेट में आने से सविता देवी के गर्दन में चोट लगी, जबकि महिला डॉक्टर भी घायल हो गईं।
प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में मरीज सविता कुमारी और महिला डॉक्टर घायल हुई हैं। दोनों का एक्स-रे कराया गया है और रिपोर्ट में सब कुछ ठीक पाया गया है। उन्होंने बताया कि पंखे के मेंटेनेंस का काम कराया जा रहा था। संभवतः मिस्त्री द्वारा पंखे के नट-बोल्ट को ठीक से नहीं कसे जाने के कारण यह घटना हुई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में लगे पंखे, बिजली उपकरण और अन्य संसाधनों की नियमित जांच एवं मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनहोनी दोबारा न हो।









