Edition

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामगढ़ से हथियार लाकर हजारीबाग में बेचने वाला गिरोह बेनकाब, बरही से एक आरोपी गिरफ्तार

देशी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, मोबाइल और अपाचे बाइक बरामद; फरार आरोपियों की तलाश जारी

हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बरही थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक को 8 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी रामगढ़ जिले से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों में ऊंची कीमत पर बेच रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि गिरोह का एक सदस्य बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव में हथियार और कारतूस बेचने की फिराक में है।

सूचना के सत्यापन के बाद बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा से प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम रसोईयाधमना गांव पहुंची, जहां एक युवक अपने घर के पास मोबाइल पर बात कर रहा था। पुलिस वाहन को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आमिर सोहेल उर्फ राजा यादव, पिता यूनुस अंसारी, निवासी रसोईयाधमना, थाना बरही, जिला हजारीबाग के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदता था और बाद में हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान सकलैन रजा उर्फ सकलेन कुरैशी, इयरार, बाबर तथा मुनाजिर हुसैन उर्फ बबलू के रूप में की है। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बरामद सामान

एक देशी रिवॉल्वर

दो जिंदा कारतूस

एक मिसफायर कारतूस

एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन

सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या: JH02AM-5798)

इस कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, थाना के पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। पूरे गिरोह और उसके सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करने के उद्देश्य से जांच तेज कर दी गई है।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!