
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो को गैंगस्टर प्रिंस खान से जान से मारने की धमकी, पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
धनबाद:- धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सांसद ने कहा कि उन्हें एक विदेशी नंबर से फोन कर धमकी दी गई और उनके साथ-साथ परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने धनबाद पुलिस, दिल्ली पुलिस तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय से शिकायत कर सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ढुल्लू महतो ने प्रेस वार्ता में कहा कि वह लंबे समय से धनबाद में अपराध और रंगदारी के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि इसी वजह से पाकिस्तान में छिपकर गिरोह चला रहे गैंगस्टर प्रिंस खान ने उन्हें निशाना बनाया है। सांसद ने कहा कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और अपराधियों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने झारखंड सरकार से प्रिंस खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्र को आवश्यक अनुशंसा भेजे, ताकि उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जा सकें। सांसद का कहना है कि रंगदारी और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को समन्वित कार्रवाई करनी चाहिए।
इधर, धमकी के मामले के सामने आने के बाद धनबाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में वासेपुर स्थित उसके ठिकाने पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
धमकी की घटना ने धनबाद की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और धमकी देने में इस्तेमाल किए गए फोन नंबर व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा सांसद की सुरक्षा के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।










