एंटी वेनम के अभाव में 6 वर्षीय बच्चे की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल : अशोक साहू
केरेडारी। केरेडारी थाना क्षेत्र के चट्टी पेट्रोल गांव में जहरीले सांप के डसने से छह वर्षीय राजन कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12 बजे राजन कुमार घर में सो रहा था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल बच्चे को इलाज के लिए केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण समय पर आवश्यक उपचार नहीं मिल सका और बच्चे की मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अस्पतालों के नाम पर बड़े-बड़े भवन तो खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन कई जगह पर्याप्त दवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यसमिति सदस्य अशोक साहू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक बच्चे के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी वेनम इंजेक्शन सहित जरूरी जीवनरक्षक दवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
अशोक साहू ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में पर्याप्त दवा, चिकित्सक और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।








