JSSC महिला सुपरवाइजर भर्ती: राधा गोविंद यूनिवर्सिटी रामगढ़ की 33 अभ्यर्थियों के चयन पर जांच शुरू
रांची/रामगढ़। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की महिला पर्यवेक्षिका (सुपरवाइजर) भर्ती परीक्षा-2023 में चयनित राधा गोविंद यूनिवर्सिटी, रामगढ़ से स्नातक 33 अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। समाज कल्याण विभाग ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर नामांकन से लेकर स्नातक परीक्षा पास करने तक की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने का अनुरोध किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच में यह देखा जाएगा कि अभ्यर्थियों का विश्वविद्यालय में नामांकन, नियमित उपस्थिति, आंतरिक मूल्यांकन, प्रायोगिक कार्य, परीक्षा, उत्तरपुस्तिका, अंकपत्र और डिग्री जारी करने की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार हुई थी या नहीं।
बताया जा रहा है कि चयनित सभी 33 अभ्यर्थियों ने राधा गोविंद यूनिवर्सिटी, रामगढ़ से समाजशास्त्र विषय में स्नातक किया था। लगातार तीन बैचों की सभी छात्राओं के चयन के बाद पूरे मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद सरकार ने जांच का निर्णय लिया है।
जांच के प्रमुख बिंदु
नामांकन प्रक्रिया की वैधता।
कक्षा में उपस्थिति एवं शैक्षणिक रिकॉर्ड।
आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षा के अभिलेख।
उत्तरपुस्तिकाओं और मूल्यांकन का सत्यापन।
डिग्री एवं अंकपत्र की वैधता।
किसी एजेंट, कोचिंग संस्थान या अन्य माध्यम की भूमिका।उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग जांच रिपोर्ट तैयार कर समाज कल्याण विभाग को सौंपेगा। रिपोर्ट आने के बाद ही नियुक्ति और आगे की कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।








