हजारीबाग/रांची, 31 जुलाई। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग के बड़कागांव निवासी सुमन सौरभ पिता तपेश्वर कुमार तापस (AJSU बड़कागांव प्रखंड प्वक्ता)को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
CID की ओर से 30 जुलाई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना कांड संख्या 16/2026 के अनुसंधान के दौरान झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या 01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा में चयनित एक अभ्यर्थी सुमन सौरभ को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने अनुचित तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि आरोपी के पास से OMR शीट की कार्बन कॉपी बरामद नहीं हुई तथा उसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। CID ने उसे हजारीबाग पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सुमन सौरभ, बड़कागांव के AJSU प्रखंड प्रवक्ता तापेश्वर कुमार ‘तापस’ के पुत्र बताए जा रहे हैं। इस गिरफ्तारी को JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
CID ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: यह समाचार उपलब्ध प्रेस विज्ञप्ति और साझा की गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।)








