Edition

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बड़कागांव डेली मार्केट में मुखिया मद से निर्मित सार्वजनिक चलंत शौचालय का शुभारंभ

बड़कागांव: बड़कागांव डेली मार्केट में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण बाजार आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई सार्वजनिक बैठकों में शौचालय निर्माण की मांग उठाई थी।

ग्रामीणों की इस मांग को ध्यान में रखते हुए बड़कागांव पश्चिमी पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार ने मुखिया मद से लगभग 5.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक चलंत शौचालय का निर्माण कराया। शनिवार को उन्होंने फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुखिया रंजीत कुमार ने कहा कि डेली मार्केट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते हैं। शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से इस सार्वजनिक चलंत शौचालय की स्थापना की गई है।

उन्होंने बताया कि शौचालय की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए नाममात्र का उपयोग शुल्क निर्धारित किया जाएगा। साथ ही, इसकी देखरेख के लिए एक निजी कर्मी की नियमित रूप से तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस चलंत शौचालय में कुल 6 सीटों की व्यवस्था की गई है, जिसमें 3 महिलाओं तथा 3 पुरुषों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा पानी की टंकी, नल-जल की सुविधा तथा हाथ धोने के लिए बेसिन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे आम लोगों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से मुखिया सह सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, मुखिया मो. तकरीमुल्लाह, पंचायत समिति सदस्य रितेश ठाकुर, उपमुखिया सत्यदेव कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मो. इब्राहिम, वार्ड सदस्य किशोर कुमार, सुरेंद्र कुमार, जयनाथ महतो, राम लगन महतो, सुरेंद्र महतो, प्रभु सोनी, महेन्द्र पासवान, संतोषी महतो सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!