पुराना स्टेट बैंक चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
बड़कागांव। बड़कागांव थाना पुलिस ने पुराना स्टेट बैंक के सामने हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया समरसेबल पंप, बिजली का तार एवं रस्सी बरामद कर जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 3-4 जुलाई की रात हुई चोरी की घटना के संबंध में वादी के आवेदन पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 120/2026, दिनांक 4 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान हरिजन मोहल्ला निवासी विशाल भुईयां (पिता–बूटन भुईयां), विशाल भुईयां (पिता–स्वर्गीय झरी भुईयां) तथा विकास भुईयां (पिता–बुधन भुईयां) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया समरसेबल, तार एवं रस्सी बरामद कर जब्त कर लिया गया।
गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बड़कागांव थाना पुलिस ने कहा है कि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









