रोड सेल में बढ़ी अराजकता, ग्रामीणों ने उरीमारी पुलिस से लगाई गुहार
बड़कागांव। न्यू बिरसा रोड सेल क्षेत्र में बढ़ती अराजक गतिविधियों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। पोटंगा 12 टोला के ग्रामीणों ने उरीमारी थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर रोड सेल परिसर में शांति व्यवस्था बहाल करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि न्यू बिरसा रोड सेल क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा रोजगार एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचकर अभद्र व्यवहार, मारपीट, विवाद और अशांति का माहौल बना रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र का वातावरण लगातार खराब हो रहा है और आम लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने आवेदन में नौ लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ अविलंब कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रोड सेल परिसर में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की भी अपील की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित असामाजिक तत्वों की होगी। उन्होंने उरीमारी पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
आवेदन सौंपने वालों में मुख्य रूप से संजय करमाली, सूरज बेसरा, मोहन सोरेन, फिलिप्स सोरेन, धर्मदेव करमाली, मनु लाल सोरेन सहित पोटंगा 12 टोला के सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन और समाज, दोनों की साझा जिम्मेदारी है।









