Edition

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम सभागार में निगम का हुआ बैठक, लिए गए विभिन्न फैसले

बोर्ड बैठक में पहली बार शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल, सड़क-नाली निर्माण पर दिया जोर

हजारीबाग: हजारीबाग नगर निगम की साधारण बोर्ड बैठक में बुधवार को पहली बार पदेन सदस्य के रूप में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए।

बैठक में उन्होंने शहर के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता बेहतर सड़कें, मजबूत नालियां और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था होनी चाहिए। आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के बाद ही अन्य विकास योजनाओं को गति दी जानी चाहिए।

बैठक में महापौर अरविंद कुमार राणा, उपमहापौर मेयर अविनाश कुमार यादव और नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने सांसद का स्वागत किया। इस दौरान पार्षदों और अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया।

बैठक के दौरान महापौर अरविंद कुमार राणा ने 15वें वित्त आयोग की टाइड एवं अनटाइड निधि से शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण की योजना तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। इसके अलावा केशव हॉल के समीप नगर निगम की भूमि पर आधुनिक पार्किंग बनाने का प्रस्ताव रखा, ताकि शहर में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

उन्होंने पुराना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी का विस्तार करने, जर्जर भवन हटाकर बाजार को व्यवस्थित रूप देने तथा नगर निगम द्वारा चिन्हित स्ट्रीट वेंडरों को सुविधाजनक स्थानों पर बसाने का सुझाव भी दिया। साथ ही खाता संख्या-140 से जुड़े होल्डिंग परिवर्तन के मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।

हजारीबाग सांसद मनीष जयसवाल ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण समय की जरूरत है, जिससे लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम को यदि आवश्यक मशीन, उपकरण या अन्य संसाधनों की जरूरत होगी तो सांसद निधि से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

जल निकासी व्यवस्था को लेकर सांसद ने शिवपुरी से क्षितिज अस्पताल तक जाने वाले मुख्य नाले के दोनों किनारों पर शोल्डर निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इस योजना को राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजा जाए तो इसे स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे भविष्य में शहर को जलजमाव और बाढ़ जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

बैठक के बाद सांसद ने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम के समन्वित प्रयासों से हजारीबाग को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!