रांची में भाजपा कोर कमेटी की बैठक, संगठन विस्तार और जनआंदोलनों की रणनीति पर मंथन
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को
झारखंड भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के साथ वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और राज्य सरकार के खिलाफ जनआंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा विभिन्न मोर्चों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने पर जोर दिया गया।
कोर कमेटी ने राज्य की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बिजली, पेयजल और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। नेताओं ने इन जनसरोकारों को लेकर सरकार को घेरने और जनता के बीच मजबूती से उठाने का निर्णय लिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी दिनों में राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद करेंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करेंगे। प्रदेश नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।










