Edition

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंदलपुरा में कांग्रेस का जनसंवाद, विस्थापितों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाने का भरोसा बड़कागांव: कांग्रेस के केंद्रीय सचिव सह पूर्व विधायक अंबा प्रसाद एवं पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के नेतृत्व में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शनिवार को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के गोंदलपुरा एवं पकरी बरवाडीह कोल परियोजना प्रभावित ग्रामीणों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने कोल परियोजनाओं का विरोध करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी कांग्रेस नेताओं को सौंपा।गोंदलपुरा गांव में रिमझिम बारिश के बीच शिव मंदिर से धरना स्थल तक पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया गया। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि वे 12 अप्रैल 2023 से लगातार धरना पर बैठे हैं और एनटीपीसी, अडानी, जेएसडब्ल्यू सहित अन्य कोल परियोजनाओं का आवंटन रद्द होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि खेती, जल, जंगल और जमीन उनकी आजीविका का आधार है तथा किसी भी कीमत पर उपजाऊ कृषि भूमि पर खनन परियोजनाएं स्थापित नहीं होने दी जाएंगी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक विधिवत ग्रामसभा और आमसभा नहीं कराई गई है तथा आंदोलनकारियों पर कई मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र की तरह पूर्वी क्षेत्र को भी विस्थापन की त्रासदी नहीं झेलने देंगे।

ग्रामीणों की बातें सुनने के बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि यह क्षेत्र अत्यंत उपजाऊ कृषि भूमि वाला इलाका है और यहां की समस्याओं को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी विस्थापितों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों की जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर किसानों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ग्रामसभा की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने कहा कि 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। वहीं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवाज राज्य सरकार से लेकर संसद तक मजबूती से उठाई जाएगी और विस्थापितों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने कोल परियोजनाओं का आवंटन रद्द करने सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन कांग्रेस प्रभारी को सौंपा। बादम मुख्य चौक पर कांग्रेस प्रखंड कमेटी ने अतिथियों का फूल-माला एवं गुलदस्ता देकर स्वागत किया। जनसंवाद में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं तथा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!