बड़कागांव। तेली साहू समाज संघर्ष समिति के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कुंज बिहारी साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और समाज की सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 5 एवं 6 जुलाई को दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को सुबह 11 बजे बड़कागांव प्रखंड के महुगाई में वासुदेव साव एवं महेंद्र साहू के नेतृत्व में बैठक होगी, जिसमें संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। वहीं 6 जुलाई को सुबह 11 बजे हजारीबाग के पंच मंदिर परिसर में विकास साहू एवं नंदलाल साहू के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर संगठन विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कुंज बिहारी साव ने कहा कि समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने साहू समाज के वरिष्ठजनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं महिलाओं से बैठक में उपस्थित होकर विभिन्न पदों के लिए नामांकन करने तथा संगठन की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाने एवं संगठन को नई मजबूती प्रदान करने की अपील की।










