ब्रेकिंग: एनटीपीसी कोयला ट्रांसपोर्टिंग हाइवा फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, एक अपराधी गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली, सदर अस्पताल में भर्ती; हथियार व विस्फोटक बरामद
बड़कागांव/हजारीबाग। 25 जुलाई 2026 को 13 माइल स्थित एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइंस के कोयला ट्रांसपोर्टिंग हाइवा पर फायरिंग और पर्चा छोड़ने के मामले में बड़कागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव निवासी अंकित पांडे, पिता अरुण पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के निशानदेही पर हथियार एवं विस्फोटक बरामद करने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था।
बताया गया कि बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जब सर्च अभियान चला रही थी, उसी दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित पांडे के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर प्रिंस खान गिरोह से जुड़े लोगों के साथ मिलकर 25 जुलाई को एनटीपीसी कोयला ट्रांसपोर्टिंग हाइवा पर फायरिंग करने और पर्चा छोड़ने में शामिल होने का आरोप है। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में कई अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी और सर्च अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बड़कागांव पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कोयला ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।









