बड़कागांव में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 150.9 टन अवैध कोयला जब्त
चार ट्रक, दो बा
इक जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए गए, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़कागांव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग के वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन में गृह मंत्रालय के निर्देशों तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत विशेष अभियान चलाया गया।
9 जुलाई की रात सीआईएसएफ की टीम ने बड़कागांव के 13 माइल चौक पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को उनके चालकों सहित पकड़ लिया गया।
इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर करीब 450 किलोग्राम अवैध कोयला ले जा रहे दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय यादव, तुलश्वर कुमार मेहता, पुरुषोत्तम कुमार एवं कुलदीप साव के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान JH 05 DS 6488 एवं JH 02 BB 7975 नंबर के दो अन्य ट्रक जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार से फरार हो गए। सीआईएसएफ जवानों ने उनका पीछा किया और लगभग सात किलोमीटर दूर दोनों ट्रकों को लावारिस हालत में बरामद कर लिया। हालांकि दोनों ट्रकों के चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव थाना पुलिस को सूचना देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीआईएसएफ के अनुसार, इस अभियान में कुल 150.9 टन अवैध कोयला, चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल जब्त कर बड़कागांव थाना को सौंप दिए गए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है तथा अवैध कोयला तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं कोयला तस्करी के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।









