Edition

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत न्यू बिरसा पोटंगा विस्थापित समिति के कार्यालय परिसर में बुधवार को विस्थापित ग्रामीणों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सूरज बेसरा ने की, जबकि संचालन जीतन मुंडा ने किया।

बैठक में 12 टोला के विस्थापित ग्रामीणों ने एकजुटता का परिचय देते हुए लोकल सेल व्यवस्था को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कहा कि न्यू बिरसा परियोजना के लोकल सेल में किसी भी असामाजिक तत्व या बाहरी व्यक्ति को हस्तक्षेप नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकल सेल की व्यवस्था 12 टोला के भूमिहीन विस्थापित ग्रामीणों का हक और अधिकार है तथा इसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और कथित दलाल क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में विस्थापित ग्रामीणों ने उरीमारी ओपी थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने कहा, “पोटंगा के विस्थापित ग्रामीणों को दिग्भ्रमित करना बंद करें। छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।”

बैठक में मुख्य रूप से झामुमो हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष सह विस्थापित नेता संजय करमाली, सूरज बेसरा, जीतन मुंडा, धर्मदेव करमाली, अकल मुंडा, गिरधारी प्रजापति, मोहन सोरेन, बिनोद हेम्ब्रोम सहित बड़ी संख्या में 12 टोला के विस्थापित ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थीं। बैठक में सैकड़ों लोगों की भागीदारी रही।

Arvind Kumar
Author: Arvind Kumar

Leave a Comment

error: Content is protected !!