खाशमहाल भूमि मामलों की उपायुक्त ने की समीक्षा, 31 अगस्त तक आवेदन जमा करने का निर्देश
हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में गुरुवार को खाशमहाल भूमि से संबंधित मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाशमहाल भूमि के सर्वेक्षण कार्य, प्राप्त आवेदनों तथा उन पर अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सर्वेक्षण एवं आवेदनों से संबंधित कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने वाली विसंगतियों को दूर करने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। इस संबंध में राजस्व विभाग के साथ विस्तृत चर्चा कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने खाशमहाल भूमि का सर्वेक्षण कर रहे पदाधिकारियों को सभी लीजधारियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही खाशमहाल भूमि से संबंधित सभी अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं स्कैनिंग कर अभिलेखागार को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सुरक्षित संरक्षण और सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दस्तावेजों का संकलन एवं दस्तावेजीकरण करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।बैठक में लीज नवीकरण, नामांतरण सहित विभिन्न लंबित मामलों के निष्पादन के लिए 31 अगस्त 2026 तक आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। संबंधित लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने की अपील की गई है।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








